भिलाई। नेहरू नगर स्थित सूर्या मॉल के सेकंड फ्लोर पर संचालित एक स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर जांच की। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के भीतर करीब 7-8 युवतियां मौजूद मिलीं। पुलिस टीम ने मौके पर पूछताछ करते हुए सेंटर की गतिविधियों की जांच की।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान देह व्यापार की पुष्टि नहीं हुई। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर स्पा सेंटर संचालक और वहां मौजूद युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें बाउंड ओवर किया गया। पुलिस ने सेंटर संचालक को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी।
मामले में यह तथ्य भी सामने आया कि मॉल प्रबंधन की ओर से स्पा सेंटर का बिजली और पानी कनेक्शन काटे जाने की जानकारी थी। इसके बावजूद सेंटर के भीतर गतिविधियां संचालित होने को लेकर पुलिस ने जानकारी जुटाई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी तरह की अवैध गतिविधि की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई एएसपी शोभराज अग्रवाल के नेतृत्व में की गई। टीम में DSP IUCAW भारती मरकाम, भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक, सुपेला थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह और स्मृति नगर चौकी की पुलिस टीम शामिल रही।






