शहडोल पुलिस की निगरानी पर बड़ा सवाल! होटल में जुए की बैठक की सूचना के बावजूद कार्रवाई का इंतजार, कहां गायब है मुखबिर तंत्र और साइबर सेल?अमलई
(शहडोल)। शहडोल जिले के अमलई क्षेत्र में स्थित अतिराज होटल इन दिनों 52 परी के कथित खेल को लेकर चर्चा में है। स्थानीय स्तर पर सामने आ रही सूचनाओं में अतुल चीनी और लालू नाम के व्यक्तियों का जिक्र करते हुए होटल में जुए की बैठक संचालित होने तथा प्रतिदिन लाखों रुपये के दांव लगाए जाने की बात कही जा रही है। इन चर्चाओं ने जिले की पुलिस व्यवस्था और अवैध जुआ गतिविधियों पर निगरानी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।सवाल यह है कि यदि होटल में नियमित रूप से जुए की बैठक संचालित हो रही है और लाखों रुपये का दांव लग रहा है, तो फिर स्थानीय पुलिस की नजर इस गतिविधि तक क्यों नहीं पहुंच रही? क्या पुलिस के मुखबिर तंत्र को इसकी भनक तक नहीं है या फिर सूचना मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही? इन सवालों का जवाब अब शहडोल पुलिस प्रशासन को देना चाहिए।
52 परी का खेल, लाखों के दांव और पुलिस की खामोशी!
जुए का खेल केवल कुछ लोगों के मनोरंजन का मामला नहीं है। इसके पीछे बड़ी रकम का लेन-देन, आर्थिक नुकसान और अन्य आपराधिक गतिविधियों की आशंका भी जुड़ी हो सकती है। ऐसे में अतिराज होटल की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। होटल के सीसीटीवी फुटेज, आने-जाने वालों की गतिविधियों और उपलब्ध वित्तीय साक्ष्यों की जांच से वास्तविकता सामने आ सकती है।
कहां गई साइबर सेल की निगरानी?
आज पुलिस तकनीकी निगरानी, साइबर जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अपराधों का पता लगाने की बात करती है। फिर अमलई में 52 परी के खेल को लेकर उठ रही चर्चाओं पर साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की सक्रियता क्यों दिखाई नहीं दे रही? यदि डिजिटल माध्यम से लेन-देन हो रहा है, तो नियमानुसार उपलब्ध साक्ष्यों की जांच क्यों नहीं की जा रही?
एसपी शहडोल से जवाब मांगते सवाल
अतिराज होटल में जुए की बैठक की सूचना की सच्चाई क्या है? अतुल चीनी और लालू के नाम चर्चा में क्यों आ रहे हैं? क्या पुलिस होटल की गतिविधियों की जांच कराएगी? क्या मुखबिर तंत्र और संबंधित थाना स्तर पर जवाबदेही तय होगी? क्या पुलिस अधीक्षक विशेष टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराएंगे?अब जरूरत केवल बयानबाजी की नहीं, बल्कि मौके पर जांच और ठोस कार्रवाई की है। यदि जुए का खेल संचालित होने की पुष्टि होती है, तो कानून के अनुसार जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं यदि ये सूचनाएं निराधार हैं, तो पुलिस को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए
बड़ा सवाल यह है कि अमलई में कानून का पहरा है या 52 परी के खेल की चर्चाएं पुलिस की निगरानी से बाहर हैं? शहडोल पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई और आधिकारिक जवाब का इंतजार है।






