खेल के मैदान से राहुल भैया ने दिया भाईचारे का संदेश, समर्थकों और स्थानीय नेताओं की मौजूदगी ने बढ़ाई राजनीतिक सरगर्मी
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत अंतर्गत खड्डी स्टेडियम में आयोजित खड़ी प्रीमियर लीग (KPL) सीजन-8 का फाइनल मुकाबला खेल के रोमांच के साथ सियासी चर्चाओं का भी केंद्र बन गया। 26 अक्टूबर से जारी क्रिकेट प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल 17 नवंबर को चकडौर और बड़ेसर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ेसर की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। चकडौर की टीम उपविजेता रही।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता एवं उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं।
राहुल भैया बोले- खेल से मजबूत होता है आपसी भाईचारा
खिलाड़ियों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अजय सिंह राहुल ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह आपसी भाईचारे, अनुशासन और एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम है। क्रिकेट एक रोमांचक खेल है, जिसमें हार-जीत लगी रहती है। महत्वपूर्ण यह है कि खिलाड़ी खेल भावना के साथ अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए अभिमन्यु सिंह मिंटू, धीरू सिंह, पंकज सिंह, राजेंद्र शुक्ला, नवीन सिंह और सतेंद्र सिंह सहित पूरी आयोजन टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
खेल के मंच पर दिखी राजनीतिक सक्रियता, समर्थकों की मौजूदगी बनी चर्चा का विषय
इस आयोजन में अजय सिंह राहुल की मौजूदगी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं समर्थकों की भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। स्थानीय स्तर पर उनकी सक्रियता और जनसंपर्क को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज होती दिखाई दीं।कार्यक्रम में जिला प्रभारी दिलीप मिश्रा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह, रुद्रप्रताप सिंह बाबा, राजेंद्र भदौरिया, दान बहादुर सिंह, आनंद सिंह शेर, कमलेश सिंह, करुण सिंह, कुमुदनी सिंह, शशिकला द्विवेदी, सुनैना सिंह, जगदीश मिश्रा, नवीन सिंह, संदीप उपाध्याय, प्रदीप द्विवेदी एवं गोमती प्रसाद पांडेय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
क्या आने वाले चुनाव में बदलेगा सियासी समीकरण?
सीधी जिले की राजनीति में अजय सिंह राहुल की सक्रियता को लेकर चर्चाएं लगातार बनी हुई हैं। खड्डी के खेल मैदान में उनकी उपस्थिति ने एक बार फिर क्षेत्रीय राजनीति में उनकी भूमिका को चर्चा में ला दिया है। हालांकि किसी एक खेल आयोजन की भीड़ को चुनावी जनसमर्थन का पैमाना नहीं माना जा सकता, लेकिन क्षेत्र में उनकी सक्रियता कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह को जरूर नई ऊर्जा देती नजर आ रही है।अब बड़ा सवाल यही है कि आने वाले समय में अजय सिंह राहुल अपनी इस राजनीतिक सक्रियता को किस तरह जनसमर्थन में बदलते हैं और भाजपा के सामने सीधी जिले में क्या नई चुनौती खड़ी करते हैं?फिलहाल खड्डी प्रीमियर लीग का फाइनल खेल प्रेमियों के लिए यादगार रहा, जहां बड़ेसर ने मैदान मारकर ट्रॉफी अपने नाम की और राहुल भैया की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया।





