धमतरी। आमतौर पर थाने में लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचते हैं, लेकिन धमतरी में एक ऐसी फरियाद सामने आई जिसने पुलिसकर्मियों को भी हैरान कर दिया। आवारा और हमलावर बैल से परेशान लोगों ने उसे पकड़कर रस्सी से बांधा और सीधे थाने पहुंच गए। लोगों की मांग थी कि “साहब, इस बैल के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई कीजिए।”
मामला शहर के सुंदरगंज वार्ड का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक एक बैल लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। आरोप है कि बैल के हमले से अब तक करीब तीन लोग घायल हो चुके हैं। हाल ही में धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी बैल ने उत्पात मचाया, जिसमें उनके पिता के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
नगर निगम से शिकायत के बाद भी नहीं मिली राहत
लोगों का कहना है कि आवारा मवेशियों को लेकर नगर निगम से शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। आखिरकार परेशान लोगों ने खुद बैल को पकड़ने का फैसला किया। बैल को रस्सी से बांधकर वाहन में लादा गया और लोग उसे लेकर कोतवाली थाने पहुंच गए।
थाने में बैल को देखकर पुलिस भी कुछ देर के लिए असमंजस में पड़ गई। लोगों ने पुलिस से उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाया कि आवारा मवेशियों की व्यवस्था और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है।
थाने से कांजी हाउस पहुंचा ‘आरोपी’
पुलिस की समझाइश के बाद लोगों ने बैल को वापस वाहन में रखा और उसे कांजी हाउस पहुंचाया। घटना ने शहर में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सवाल यह है कि जब लोगों को अपनी सुरक्षा को लेकर खुद ही सड़क पर उतरकर हमलावर मवेशी पकड़ने पड़ें, तो जिम्मेदार विभाग की व्यवस्था आखिर किस काम की?






