शिकायत के बाद भी नहीं थमा कथित अतिक्रमण—आखिर किसके संरक्षण में जारी है निर्माण?
जशपुर। ग्राम सभा और ग्रामीणों द्वारा कथित अवैध दुकान निर्माण के विरोध तथा प्रशासन से शिकायत किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य रुकने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक जांच में हो रही देरी के बीच निर्माणकर्ताओं द्वारा जल्दबाजी में निर्माण पूरा करने और दुकानों में शटर लगाने का काम जारी रहने से पूरे मामले पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि जिस जमीन को लेकर ग्राम सभा स्तर पर आपत्ति दर्ज कराई गई है, उस पर शिकायत और जांच की प्रक्रिया लंबित होने के बावजूद निर्माण जारी रहना गंभीर विषय है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब मामला प्रशासन के संज्ञान में है, तो निर्माण कार्य को तत्काल रोकने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई?मौके की तस्वीरें भी निर्माण की स्थिति को स्पष्ट रूप से दिखा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष और समय पर होती तो निर्माण को आगे बढ़ने से रोका जा सकता था। लेकिन जांच में देरी का फायदा उठाकर निर्माणकर्ता कथित रूप से काम पूरा करने में जुटे हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या प्रशासन की खामोशी का फायदा उठाया जा रहा है, या फिर इस पूरे मामले में किसी का संरक्षण प्राप्त है






