मौदहापारा में आधी रात पुलिस की दबिश, बार से अंग्रेजी शराब की बोतल और ₹2300 नकद बरामद; लाइसेंस पर भी लटकी तलवार
रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर घोषित शुष्क दिवस के बावजूद राजधानी में शराब बिक्री का मामला सामने आने से आबकारी नियमों की धज्जियां उड़ने का मामला उजागर हुआ है। मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लैटिनम बार के संचालक पलाश मल्होत्रा को कथित रूप से अवैध शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से अंग्रेजी शराब की एक बोतल और बिक्री से प्राप्त 2,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को जन्माष्टमी के चलते रायपुर जिले में शुष्क दिवस घोषित था। इस दौरान शराब दुकानों के साथ बार में भी शराब की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब बाहर निकालकर ग्राहकों को बेची जा रही है। सूचना पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और रात करीब 10:30 बजे घेराबंदी कर कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने संचालक के कब्जे से 750 एमएल की अंग्रेजी शराब की एक बोतल और 2,300 रुपये नकद बरामद किए। बरामद शराब की कीमत करीब 1,150 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ब) के तहत कार्रवाई की है।
गार्ड की भूमिका भी जांच के घेरे में
मामले में बार में तैनात सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी पुलिस जांच के दायरे में है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शुष्क दिवस के बावजूद शराब बार से बाहर निकालकर ग्राहकों तक कैसे पहुंचाई जा रही थी और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे। गार्ड के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
बार के लाइसेंस पर भी कार्रवाई की तैयारी
शुष्क दिवस के आदेश और आबकारी लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन को लेकर अब प्लैटिनम बार के लाइसेंस पर भी कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस की ओर से मामले की जानकारी आबकारी विभाग को भेजी जा रही है। इसके आधार पर लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई हो सकती है।
शुष्क दिवस पर शराब बिक्री की यह घटना राजधानी में आबकारी नियमों के पालन और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शराब बिक्री के नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।






