स्मार्ट मीटर हटाने और 400 यूनिट तक बिल हाफ योजना बहाल करने की मांग, गरीब-मध्यमवर्ग पर बढ़ते बोझ का मुद्दा गरमाया
लोरमी। छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर सियासत तेज हो गई है। बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर से कथित तौर पर बढ़े बिलों की शिकायतों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिले के 25 विद्युत सबस्टेशनों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग उठाई गई।
लोरमी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बिजली दरों में बढ़ोतरी पर तत्काल रोक लगाने, स्मार्ट मीटर हटाने और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना फिर से लागू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बढ़ते बिजली बिलों का सीधा असर गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों की जेब पर पड़ रहा है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं को अपेक्षा से अधिक बिजली बिल मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। नेताओं ने कहा कि पूर्व में लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से बड़ी संख्या में परिवारों को राहत मिलती थी, इसलिए इसे दोबारा शुरू किया जाना चाहिए।
ट्रांसफार्मर से लेकर जर्जर खंभों तक उठाया मुद्दा
ज्ञापन में केवल बिल और स्मार्ट मीटर का मुद्दा ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था की बदहाली को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने खराब व जले ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, क्षतिग्रस्त केबल तारों की समस्या दूर करने, अनियमित विद्युत आपूर्ति में सुधार करने और जर्जर बिजली खंभों को बदलने की मांग की।






