ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान बिगड़ा संतुलन, दो महिला मजदूरों की हालत गंभीर
धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी और पुलिया से टकरा गई। हादसे में पिकअप में सवार 17 मजदूर घायल हो गए। घायलों में 12 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल दो महिला मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मजदूर खेतों में काम करने के लिए पिकअप से जा रहे थे। कातलबोड़-कोकड़ी मार्ग पर आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान पिकअप की रफ्तार बेकाबू हो गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सड़क किनारे बने गड्ढे में फिसलते हुए पुलिया से जा टकराई।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
जोरदार टक्कर के बाद वाहन में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। कई मजदूर वाहन के अंदर और आसपास गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कुरूद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान दो महिला मजदूरों की हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य 15 घायलों का इलाज कुरूद में जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रैक्टर को जल्दबाजी में ओवरटेक करना हादसे की वजह सामने आ रही है। पुलिस ने वाहन और चालक से संबंधित जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे ने एक बार फिर मजदूरों को ढोने वाले वाहनों की रफ्तार, क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय रहते ऐसे वाहनों की निगरानी और यातायात नियमों के पालन पर सख्ती नहीं की गई तो गंभीर हादसों का सिलसिला थमना मुश्किल होगा।






