मनेन्द्रगढ़। बाउरीडाड़ से बेलबहरा के बीच रेलवे द्वारा 36 और 37 नंबर के निर्माणाधीन पुलों का कार्य चल रहा है। इन निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों ने समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई है। मजदूरों का कहना है कि करीब दो महीने से उनका भुगतान बकाया है, जिसके चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मजदूरों के मुताबिक वे लगातार मेहनत कर रेलवे पुल निर्माण कार्य में अपना योगदान दे रहे हैं, लेकिन समय पर मेहनताना नहीं मिलने से उनके परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। रक्षाबंधन के त्योहार पर भी मजदूरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मजदूरों का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर बहनों और परिवार के लिए जरूरी सामान खरीदना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब मजदूरों की मेहनत का भुगतान ही समय पर नहीं होगा, तो वे अपने परिवार के साथ त्योहार की खुशियां कैसे मनाएंगे?
मजदूरों ने रेलवे के संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों से मांग की है कि 36 और 37 नंबर पुल निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों का बकाया भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी से राहत मिल सके।
मजदूरों ने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार से भुगतान की स्थिति स्पष्ट कराएगा और लंबित मजदूरी का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करेगा।






