टिकरी-परासी में विभाग की मनमानी पर उठे सवाल, कई जरूरी काम प्रभावित
टिकरी/परासी। तहसील मड़वास, जिला सीधी के टिकरी-पारसी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से बिजली गुल होने के बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की ओर से कटौती को लेकर कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई।दोपहर से बिजली बंद रहने के कारण घरेलू कामकाज से लेकर छोटे कारोबार और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अचानक बिजली कटौती होने से लोगों को पहले से कोई तैयारी करने का मौका नहीं मिलता। वहीं, शिकायत के बाद भी बिजली कब बहाल होगी, इसकी स्पष्ट जानकारी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना सूचना बिजली बंद करना आम उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गया है। उनका आरोप है कि बिजली कटौती को लेकर विभाग द्वारा पारदर्शी सूचना व्यवस्था नहीं अपनाई जा रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कर कटौती का कारण स्पष्ट किया जाए। साथ ही भविष्य में यदि किसी तकनीकी कारण, मरम्मत या अन्य वजह से बिजली बंद की जानी है तो उपभोक्ताओं को समय रहते सूचना दी जाए, ताकि जरूरी कार्य प्रभावित न हों।





