565 किलो गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, तीन तस्कर गिरफ्तार
पोड़ी/चिरमिरी। नागपुर क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली गांजे से भरी दो स्विफ्ट कारों के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों वाहनों से पुलिस ने कुल 565 किलो गांजा बरामद किया था। कार्रवाई के बाद अब पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 की रात ग्राम उजियारपुर में गश्त के दौरान दो संदिग्ध स्विफ्ट कारें लावारिस हालत में मिली थीं। तलाशी लेने पर एक कार से 305 पैकेट में 305 किलो तथा दूसरी कार से 260 पैकेट में 260 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों वाहनों से बरामद गांजे की कुल मात्रा 565 किलो थी।
जशपुर से दो, राउरकेला से एक गिरफ्त में
मामले में थाना पोड़ी में अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। तस्करों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने अलग-अलग स्तर पर सुराग जुटाए। कार्रवाई के दौरान 21 अगस्त को मो. समीर और सच्चिन्द्र राउत को जशपुर से गिरफ्तार किया गया। वहीं 11 सितंबर को देव आशीष को ओडिशा के राउरकेला से पकड़ा गया।
पूछताछ में देव आशीष की भूमिका गांजा लोड स्विफ्ट कार को रास्ते में भेजने से जुड़ी सामने आई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डिजायर कार क्रमांक ओडी-15 एएफ-1645 भी जब्त की है।
अब निशाने पर पूरा तस्करी नेटवर्क
565 किलो गांजे की इतनी बड़ी खेप के पकड़े जाने के बाद मामला महज तीन आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से आया, किसके इशारे पर भेजा गया और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ तस्करी नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।






