कबीरधाम। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया है। चिल्फी बॉर्डर पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस की नजर से बचने के लिए तस्करों ने कंटेनर में बाकायदा गुप्त चैंबर तैयार कर रखा था। 31 अगस्त को चिल्फी थाना क्षेत्र में एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान बोडला की ओर से आ रहे कंटेनर को रोका गया। चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान चालक की सीट के ऊपर विशेष तरीके से बनाया गया गुप्त चैंबर नजर आया। चैंबर खोलने पर खाकी टेप में लिपटे बड़ी संख्या में पैकेट मिले। जांच करने पर पैकेटों में भारी मात्रा में गांजा भरा होने का खुलासा हुआ।
पंजाब का चालक गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक बलजीत सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
कहां से आया गांजा, कहां जाना था—जांच तेज
इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। पूछताछ के जरिए गांजा कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
बड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।






