नगरपालिका की उदासीनता पर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष हफीज मेमन ने जताई नाराजगी, सार्वजनिक स्थलों पर तत्काल अलाव जलवाने की मांग
मनेन्द्रगढ़। मौसम में लगातार आ रहे बदलाव के साथ ठंड का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। नवंबर माह भी समाप्ति की ओर है लेकिन मनेन्द्रगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में अब तक सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू नहीं की गई है। ऐसे में सुबह और देर शाम घरों से बाहर निकलने वाले लोगों, राहगीरों, जरूरतमंदों, बुजुर्गों और विभिन्न कार्यों से शहर पहुंचने वाले ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगरपालिका की इस लापरवाही को लेकर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष हफीज मेमन ने नाराजगी जाहिर करते हुए नगर पालिका प्रशासन से तत्काल अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हर साल सर्दी के मौसम में नगरपालिका द्वारा प्रमुख चौक चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाती रही है ताकि ठंड से परेशान लोगों को राहत मिल सके लेकिन इस बार नवंबर का महीना समाप्त होने को है और ठंड लगातार बढ़ रही है, इसके बावजूद अब तक अलाव की व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
हफीज मेमन ने कहा कि ठंड का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ता है जिनके पास पर्याप्त गर्म कपड़े या ठंड से बचने के संसाधन नहीं हैं। रात में काम करने वाले श्रमिकों, दुकानदारों, राहगीरों, अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजनों और सार्वजनिक स्थानों पर समय बिताने वाले लोगों को ठंड के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगरपालिका प्रशासन को लोगों की परेशानी का एहसास करते हुए समय रहते जरूरी इंतजाम करने चाहिये। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि शहर के प्रमुख चौक चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल परिसर के आसपास तथा अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर तत्काल अलाव जलाने की व्यवस्था की जाये साथ ही ठंड के पूरे मौसम में नियमित रूप से लकड़ियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये ताकि अलाव की व्यवस्था केवल औपचारिकता बनकर ना रह जाये।
हफीज मेमन ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े ऐसे कार्यों में देरी उचित नहीं है। ठंड से राहत दिलाना भी नगरीय निकाय की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इस ओर गंभीरता से ध्यान देने तथा आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए शीघ्र पहल करने की अपील की है।
Post Views: 209





