सरकारी सम्मान समारोह में कमल छाप झोले का खेल! CMHO अविनाश खरे की भूमिका पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने उठाए गंभीर सवाल

Share this post:

मितानिनों के सम्मान के नाम पर सरकारी मंच का राजनीतिक इस्तेमाल? चुनाव चिह्न वाले झोलों के वितरण ने स्वास्थ्य विभाग को सवालों के कटघरे में खड़ा किया

मनेंद्रगढ़। सरकारी आयोजन, सरकारी विभाग, सरकारी अधिकारी और सम्मान पाने वाली ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यकर्ता मितानिनें… लेकिन सम्मान समारोह में बांटे गए झोलों पर भाजपा का चुनाव चिह्न कमल का फूल! मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मितानिन दिवस समारोह ने अब एक बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इस पूरे मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अविनाश खरे की भूमिका पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सीधे सवाल खड़े किए हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कार्यक्रम शासकीय था और आयोजन की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की थी, तो मितानिनों को राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न वाले झोले वितरित करने का निर्णय किसने लिया? क्या इसके लिए विभागीय अनुमति ली गई थी? क्या सरकारी आयोजन की सामग्री पर किसी राजनीतिक दल का चुनाव चिह्न इस्तेमाल करना उचित है? यदि यह निर्णय विभागीय स्तर पर लिया गया, तो इसकी जवाबदेही किस अधिकारी की होगी?

CMHO अविनाश खरे बताएं, सरकारी कार्यक्रम में कमल का निशान किसके आदेश पर?

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने इस मामले में CMHO की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि क्या स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सरकारी आयोजनों को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बनने देंगे? आखिर सरकारी मंच पर राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न वाले झोले पहुंचाने का निर्णय किस स्तर पर हुआ?CMHO डॉ. अविनाश खरे को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए कि झोलों की खरीदी किस मद से हुई, वितरण का आदेश किसने दिया, झोलों पर कमल का चुनाव चिह्न किसकी सहमति से छपवाया गया और इस पूरी प्रक्रिया में विभागीय नियमों का पालन किया गया या नहीं।

यह केवल झोला वितरण का मामला नहीं है, बल्कि सरकारी आयोजन की निष्पक्षता और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा सवाल है।

मितानिनों को झोला-घड़ी नहीं, 50 प्रतिशत बढ़ा हुआ मानदेय चाहिए!

गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जाने वाली मितानिनें वर्षों से मानदेय, प्रोत्साहन राशि और सुविधाओं की मांग कर रही हैं। ऐसे में सम्मान समारोह में झोले और घड़ियां बांटकर सम्मान की औपचारिकता करने पर भी सवाल उठ रहे हैं।पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में मितानिनों के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि का वादा किया गया था। सरकार को पहले अपना वादा पूरा करना चाहिए। मितानिन बहनों को राजनीतिक निशान वाले झोलों से अधिक अपने श्रम का उचित पारिश्रमिक चाहिए।

सवाल यह भी है कि सम्मान समारोह आयोजित करने वाले स्वास्थ्य विभाग ने मितानिनों की लंबित मांगों और उनके आर्थिक हितों को लेकर क्या ठोस पहल की है?

सांसद ज्योत्सना महंत का नाम प्रोटोकॉल में क्यों नहीं?

समारोह को लेकर एक दूसरा विवाद भी सामने आया है। सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत का नाम कार्यक्रम के प्रोटोकॉल में शामिल नहीं किए जाने पर सवाल उठाए गए हैं। आखिर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने और प्रोटोकॉल निर्धारित करने का आधार क्या था? क्या संबंधित जनप्रतिनिधियों को नियमानुसार सूचना दी गई थी?वहीं जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में कार्यक्रम आयोजित करने के बजाय खड़गवां में आयोजन किए जाने को लेकर भी प्रशासनिक निर्णय पर सवाल उठ रहे हैं। कार्यक्रम स्थल के चयन का आधार क्या था और क्या इसके लिए कोई विभागीय दिशा–निर्देश निर्धारित थे?

अब जवाबदेही से नहीं बच सकता स्वास्थ्य विभाग!

इस पूरे प्रकरण में CMHO डॉ. अविनाश खरे से कुछ सीधे सवालों के जवाब अपेक्षित हैं—

  • सरकारी सम्मान समारोह में भाजपा के चुनाव चिह्न वाले झोले वितरित करने का निर्णय किसने लिया?
  • झोलों की खरीदी और छपाई पर कितना सरकारी या अन्य मद का पैसा खर्च हुआ?
  • क्या इस सामग्री के वितरण के लिए विभागीय अनुमति ली गई थी?
  • क्या आयोजन की सामग्री और मंच को राजनीतिक निष्पक्षता के अनुरूप रखा गया?
  • सांसद ज्योत्सना महंत का नाम कार्यक्रम प्रोटोकॉल में शामिल क्यों नहीं था?
  • जिला मुख्यालय के बजाय खड़गवां में आयोजन करने का प्रशासनिक आधार क्या था?
  • मितानिनों के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि के वादे पर विभाग के पास क्या जानकारी है?

छत्तीसगढ़ दबंग न्यूज़ का सवाल: मितानिन दिवस का उद्देश्य उन महिलाओं के योगदान का सम्मान करना है, जो गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी निभाती हैं। ऐसे शासकीय आयोजन में राजनीतिक चुनाव चिह्न वाले झोलों का वितरण किस प्रक्रिया के तहत हुआ, यह स्पष्ट होना चाहिए। सरकारी मंच किसी भी राजनीतिक दल की प्रचार सामग्री का माध्यम नहीं बनना चाहिए।अब देखना यह है कि CMHO डॉ. अविनाश खरे इन सवालों का जवाब देते हैं या स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे रहता है। प्रशासन को आयोजन की सामग्री, खर्च, अनुमति और प्रोटोकॉल की निष्पक्ष जांच कराकर तथ्य सार्वजनिक करने चाहिए।

जवाब जरूरी है, क्योंकि मामला किसी पार्टी के झोले का नहीं, सरकारी व्यवस्था की निष्पक्षता और मितानिन बहनों के सम्मान का है।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

Advertisement Box

लाइव क्रिकट स्कोर

Gold and Silver price

मौसम अपडेट

राशिफल

© 2026 Chhattisgarh Dabang News  – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x