कठौतिया से मनेन्द्रगढ़ तक बढ़ते सड़क हादसों पर स्वप्निल सिन्हा ने जताई चिंता, पुलिस प्रशासन से नियमित निगरानी की मांग

Share this post:

नशे में वाहन चलाने वालों पर हो सख्त कार्यवाही, सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता से उठाये जायें कदम

मनेन्द्रगढ़। कठौतिया से मनेन्द्रगढ़ तक सड़क दुर्घटनाओं का बढ़ता सिलसिला अब गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। बीते कुछ वर्षों में इस मार्ग पर हुए हादसों में कई लोगों की असमय जान जा चुकी है जबकि अनेक परिवारों को अपूरणीय क्षति का सामना करना पड़ा है। लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस एवं प्रशासन से इस मार्ग पर नियमित निगरानी और प्रभावी सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं होतीं बल्कि इनके पीछे कई परिवारों की खुशियां और भविष्य प्रभावित होता है। कठौतिया से मनेन्द्रगढ़ के बीच लगातार हो रही दुर्घटनाएं यह संकेत देती हैं कि इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाये गये तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ सड़क हादसों के मामलों में वाहन चालकों के नशे में होने की जानकारी भी सामने आई थी जो और अधिक चिंताजनक है। शराब या अन्य नशीले पदार्थों के प्रभाव में वाहन चलाना ना केवल चालक के लिये बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के जीवन के लिये भी बड़ा खतरा है। इस तरह की लापरवाही को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिये।कांग्रेस प्रवक्ता ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि कठौतिया से मनेन्द्रगढ़ तक संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाये। प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में समय समय पर वाहन जांच अभियान चलाया जाये। विशेष रूप से रात के समय तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों पर सख्ती बरती जाये। उन्होंने यह भी कहा कि केवल दुर्घटना होने के बाद कार्यवाही करना पर्याप्त नहीं है। दुर्घटनाओं को रोकने के लिये पहले से सतर्कता बरतना जरूरी है। यातायात पुलिस द्वारा नियमित जांच, जागरूकता अभियान, सड़क संकेतकों की व्यवस्था और जरूरत के अनुसार सुरक्षा संबंधी सुधार किये जाने चाहिये।स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं बल्कि आम नागरिकों के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। पुलिस और प्रशासन को इस विषय को प्राथमिकता देते हुए निरंतर निगरानी रखनी चाहिये ताकि सड़क पर चलने वाले राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।उन्होंने आम नागरिकों और वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति से वाहन चलाने और नशे की हालत में कभी भी वाहन नहीं चलाने की अपील की। उनका कहना है कि प्रशासनिक सतर्कता और नागरिकों की जिम्मेदारी से ही सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

Advertisement Box

लाइव क्रिकट स्कोर

Gold and Silver price

मौसम अपडेट

राशिफल

© 2026 Chhattisgarh Dabang News  – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x