सरकारी मंच पर निजी उपहार बांटने की क्या जरूरत थी? मंत्री के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा का पलटवार

Share this post:

 

मितानिन सम्मान समारोह में कमल छाप झोलों को लेकर सियासी घमासान तेज, बोले स्वप्निल– निजी उपहार देना था तो सरकारी कार्यक्रम से अलग रखते, सवाल झोले का नहीं बल्कि सरकारी मंच के इस्तेमाल का है

 

 

मनेन्द्रगढ़। मितानिन दिवस पर खड़गवां में आयोजित सम्मान समारोह में कमल के फूल वाले झोलों के वितरण को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो द्वारा शासकीय कार्यक्रम में भाजपा के चुनाव चिह्न वाले झोले बांटे जाने पर सवाल उठाने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे अपना निजी खर्च बताते हुए कांग्रेस पर पलटवार किया था। अब एमसीबी जिला कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल खड़ा किया है कि यदि उपहार निजी थे तो उन्हें शासकीय कार्यक्रम के मंच और आयोजन से अलग रखकर वितरित किया जाना चाहिये था।

    स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस को किसी के व्यक्तिगत खर्च से किसी को उपहार देने पर आपत्ति नहीं है। कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा और सामर्थ्य के अनुसार किसी को भी उपहार दे सकता है लेकिन सवाल यह है कि जब आयोजन शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का था, तब उसके साथ राजनीतिक पहचान वाले झोलों का वितरण क्यों जोड़ा गया? यदि मंत्री जी अपनी निजी राशि से मितानिन बहनों को उपहार देना चाहते थे तो वे सरकारी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अलग से सम्मानपूर्वक उपहार दे सकते थे। सरकारी आयोजन और निजी उपहार के बीच स्पष्ट अंतर रखा जाना चाहिये था।

*निजी खर्च बताने से सरकारी आयोजन की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती*

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मंत्री का यह कहना कि झोले उनके निजी पैसे से खरीदे गये थे, अपने आप में पूरे विवाद का जवाब नहीं है। महत्वपूर्ण सवाल यह है कि शासकीय कार्यक्रम में राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न वाले झोले किस परिस्थिति में वितरित किये गये? क्या सरकारी आयोजन में इस तरह की राजनीतिक पहचान प्रदर्शित करना उचित है? शासकीय मंच किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का निजी मंच नहीं होता। वहां सभी नागरिकों और हितग्राहियों के प्रति समान सम्मान और निष्पक्षता का भाव दिखाई देना चाहिये।

उन्होंने कहा कि मंत्री अपनी निजी हैसियत से उपहार देते तो निश्चित रूप से किसी को आपत्ति नहीं होती लेकिन सरकारी कार्यक्रम के साथ निजी उपहारों को इस तरह जोड़ना कई सवाल खड़े करता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकारी आयोजनों की गरिमा और निष्पक्षता बनाये रखना सभी जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का दायित्व है।

*मितानिनों को उपहार से ज्यादा उनके अधिकारों की जरूरत*

स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि मितानिन बहनें गांव गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यों में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। वे सीमित संसाधनों और अनेक कठिनाइयों के बीच अपनी सेवाएं देती हैं। इसलिये उनके सम्मान का वास्तविक अर्थ केवल समारोह आयोजित करना, झोले और घड़ियां बांटना नहीं बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना, मानदेय में वृद्धि करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मितानिनों के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर जो वादे किये गये थे, उन पर सरकार को गंभीरता से जवाब देना चाहिये।

     मितानिन बहनों को उपहार देकर सम्मानित करने के साथ उनके लंबे समय से लंबित अधिकारों और मांगों को पूरा करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाये जाने चाहिये।

*सियासी बयानबाजी से आगे बढ़कर जवाबदेही जरूरी*

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस पूरे विवाद को केवल झोले और उसके खर्च तक सीमित नहीं किया जाना चाहिये। असली मुद्दा सरकारी कार्यक्रमों की मर्यादा, राजनीतिक प्रतीकों के इस्तेमाल और शासकीय संसाधनों और मंचों की निष्पक्षता का है। यदि मंत्री निजी खर्च से उपहार देने की बात कह रहे हैं तो उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिये कि सरकारी कार्यक्रम और निजी उपहार वितरण की व्यवस्था अलग अलग क्यों नहीं रखी गई?

मितानिन बहनों का सम्मान सभी को करना चाहिये लेकिन उनके सम्मान के नाम पर सरकारी आयोजनों को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है। स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस का सवाल किसी की व्यक्तिगत उदारता पर नहीं बल्कि सरकारी कार्यक्रमों की गरिमा और पारदर्शिता पर है। सरकार को मितानिनों के सम्मान को राजनीतिक बहस का विषय बनाने के बजाय उनकी मांगों को पूरा करने और स्वास्थ्य व्यवस्था में उनके योगदान का उचित मूल्य देने पर ध्यान देना चाहिये।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

Advertisement Box

लाइव क्रिकट स्कोर

Gold and Silver price

मौसम अपडेट

राशिफल

© 2026 Chhattisgarh Dabang News  – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x