
एम.सी.बी. – जिले में एक सरकारी भर्ती प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। ग्राम सिरौली के वार्ड क्रमांक 04 में सहायिका पद पर हुई नियुक्ति को लेकर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगा है। मामला तब सुर्खियों में आया जब अधिक अंक प्राप्त करने वाली योग्य उम्मीदवार को दरकिनार कर किसी अन्य का चयन कर लिया गया, जिससे पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, सहायिका पद के लिए आवेदन करने वाली कुसुम कली ने दावा किया है कि उन्होंने चयन प्रक्रिया के दौरान अपनी अंकसूची प्रस्तुत की थी, जिसमें उन्हें अच्छे अंक प्राप्त हुए थे। बावजूद इसके, विभाग द्वारा दावा-आपत्ति के दौरान यह दर्शाया गया कि अंकसूची प्रस्तुत नहीं की गई थी। मेरिट लिस्ट में ऊपर होने और अधिक अंक प्राप्त करने के बावजूद नियुक्ति न मिलना सीधे तौर पर चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी और पक्षपात की ओर इशारा करता है।
प्रशासन की भूमिका पर उठ रहे सवाल।
पीड़िता ने हार न मानते हुए इस पूरे मामले की लिखित शिकायत वर्तमान कलेक्टर, एम.सी.बी. को सौंपकर न्याय की मांग की है। संलग्न आवेदन के माध्यम से उन्होंने मांग की है कि चयनित अभ्यर्थी की नियुक्ति की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पात्र उम्मीदवार को उसका अधिकार दिया जाए।
अब देखना यह होगा कि इस मामले के सार्वजनिक होने और उच्च अधिकारियों तक शिकायत पहुँचने के बाद प्रशासन इस पर क्या संज्ञान लेता है, या फिर यह मामला फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।




