नई लेदरी में एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर भाजपा में भारी असंतोष
विशेष संवाददाता, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB)। भारतीय जनता पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सड़कों और सोशल मीडिया पर आने लगी है। ताजा मामला नगर पंचायत नई लेदरी में एल्डरमैन की नियुक्ति से जुड़ा है, जिसने संगठन के भीतर एक बड़े विवाद का रूप ले लिया है। भाजपा किसान मोर्चा के बड़े पदाधिकारी ने सीधे जिला नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे राजनीतिक गलियारों में ‘घर का भेदी लंका ढाए’ वाली स्थिति निर्मित हो गई है।
वर्षों से खून-पसीना बहाने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की हुई घोर उपेक्षा: संतोष द्विवेदी
भाजपा किसान मोर्चा (छ.ग.) के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और जांजगीर-चांपा व सरगुजा के पूर्णकालिक विस्तारक संतोष द्विवेदी ने एक पत्र जारी कर जिला प्रभारी को अपनी गहरी नाराजगी से अवगत कराया है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि वर्षों से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने वाले और हर चुनाव में निस्वार्थ भाव से संघर्ष करने वाले वरिष्ठ व देवतुल्य कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे समर्पित कार्यकर्ताओं का मनोबल पूरी तरह टूट चुका है।
जिला अध्यक्ष पर कार्यकर्ताओं की अवहेलना का सीधा आरोप
लिखित शिकायत में संतोष द्विवेदी ने सीधे तौर पर जिला नेतृत्व को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा जिला अध्यक्ष के द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ घोर अवहेलना की गई है।” उनका कहना है कि नगरीय निकाय में एल्डरमैन जैसे पद केवल राजनीतिक नियुक्तियां नहीं होतीं, बल्कि यह वर्षों के त्याग, निष्ठा, समर्पण और संगठन के प्रति अटूट विश्वास का सम्मान होते हैं। अगर वरिष्ठों को मौका मिलता तो पूरे कार्यकर्ताओं के परिवार के लिए यह गर्व और प्रेरणा का विषय बनता।
सरगुजा संभाग और जिला प्रभारी तक पहुंचा मामला, बड़ी कार्रवाई की मांग
इस अंदरूनी बगावत की गूंज अब ऊंचे स्तर तक पहुंच गई है। संतोष द्विवेदी ने इस विरोध पत्र की प्रतिलिपि जिला प्रभारी (जिला MCB) और संभाग प्रभारी (सरगुजा संभाग) को भी भेज दी है। उन्होंने प्रदेश और जिला संगठन से विनम्र निवेदन किया है कि वे नई लेदरी की वास्तविक धरातलीय स्थिति और कार्यकर्ताओं की आहत भावनाओं को समझें तथा इस संवेदनशील विषय पर तुरंत और गंभीरता से विचार करें। देखना दिलचस्प होगा कि विधानसभा और स्थानीय चुनावों से पहले उपजे इस आंतरिक गतिरोध को शांत करने के लिए संगठन क्या कदम उठाता है।




