चिरमिरी वन परिक्षेत्र में कंटूर, बोल्डर चेकडैम और परकुलेशन टैंक के नाम पर फर्जीवाड़े की आशंका, फर्जी मजदूरों और प्रमाणकों से भुगतान कराने का आरोप
मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ वनमंडल में कथित वित्तीय अनियमितताओं का एक और मामला सामने आने से वन विभाग में हलचल मचने की आशंका है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वन परिक्षेत्र चिरमिरी में वर्ष 2026-27 के भू–जल संरक्षण कार्यों को लेकर करोड़ों रुपये के कथित घोटाले के आरोप लगाए जा रहे हैं।
मिली जानकारी एवं सूत्रों के दावों के अनुसार, अप्रैल 2026 में स्वीकृत भू–जल संरक्षण परियोजना के तहत कंटूर निर्माण, बोल्डर चेकडैम, 9 नग परकुलेशन टैंक, मिनी परकुलेशन टैंक एवं तालाब निर्माण जैसे कार्य प्रस्तावित थे। आरोप है कि इन कार्यों में वास्तविक निर्माण की जगह कागजी प्रक्रिया के माध्यम से भुगतान कराने का खेल किया गया।
कागजों में निर्माण, जमीन पर काम का पता नहीं!
सूत्रों का दावा है कि वन परिक्षेत्र चिरमिरी में स्वीकृत कार्यों के लिए फर्जी प्रमाणक तैयार किए गए और कथित तौर पर फर्जी मजदूरों की सूची लगाकर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई। यह भी आरोप है कि संबंधित कर्मचारियों पर दबाव बनाकर दस्तावेज तैयार करवाए गए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि स्वीकृत तालाब, परकुलेशन टैंक और अन्य संरचनाओं का निर्माण मौके पर नहीं हुआ, तो फिर निर्माण के नाम पर जारी राशि का भुगतान किस आधार पर किया गया? भुगतान किन खातों में पहुंचा और कार्यों का भौतिक सत्यापन किस अधिकारी ने किया?
एसडीओ अवधेश सिंह की भूमिका जांच के घेरे में?
इस पूरे मामले में मनेन्द्रगढ़ फॉरेस्ट एसडीओ अवधेश सिंह की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। सूत्रों ने उनके संरक्षण में कथित अनियमितताएं होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में विभागीय दस्तावेजों, मस्टर रोल, मजदूरों की सूची, एमबी और भुगतान रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में उठे सवाल
अब निगाहें स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पर भी टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या मंत्री इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय जांच की पहल करेंगे? क्या मौके पर तकनीकी अधिकारियों की टीम भेजकर निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा या फिर मामला विभागीय फाइलों तक ही सीमित रह जाएगा?
जनहित में प्रमुख मांगें:
– अप्रैल 2026 से स्वीकृत सभी भू–जल संरक्षण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच हो।
– 9 परकुलेशन टैंक सहित सभी स्वीकृत संरचनाओं का भौतिक सत्यापन कराया जाए।
– मजदूरों की सूची, मस्टर रोल, फर्जी प्रमाणक और भुगतान रिकॉर्ड की जांच हो।
– राशि किन खातों में हस्तांतरित हुई, इसकी वित्तीय जांच कराई जाए।
– अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई हो।अब सवाल सिर्फ निर्माण कार्यों का नहीं, बल्कि सरकारी धन की जवाबदेही का है। यदि करोड़ों रुपये की परियोजनाएं केवल कागजों में पूरी दिखाई गई हैं, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?






