बाबा धाम (देवघर)/मनेंद्रगढ़: सावन के पवित्र महीने में विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। देश के कोने-कोने से शिवभक्त सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने देवघर पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से भी श्रद्धालुओं (कांवरियों) का एक जत्था बाबा धाम पहुंचा है।
देवघर पहुंचे इन कांवरियों ने सुलतानगंज से जल उठाकर कठिन पैदल यात्रा पूरी की। ‘बोल बम’ और ‘जय शिव’ के जयकारों के साथ पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर दिखा। बाबा धाम पहुंचने पर इन श्रद्धालुओं के ठहरने और विश्राम के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। छत्तीसगढ़ से आए ये कांवरिए ‘बोल बम कल्याण संघ सूरजपुर (छ.ग.)’ द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ भवन में ठहरे हैं।
भक्तों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं रहने की व्यवस्था
छत्तीसगढ़ भवन में श्रद्धालुओं के विश्राम के साथ-साथ उनकी चिकित्सा और प्राथमिक उपचार के लिए ‘चिकित्सालय’ (मेडिकल कैंप) की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लंबी पैदल यात्रा के बाद पहुंचे कांवरियों ने व्यवस्था पर संतोष जताया और बताया कि बाबा के दर्शन की लालसा में उनकी पूरी थकान दूर हो गई है।
कांवरियों के इस जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि वे अपने परिवार, क्षेत्र और प्रदेश की खुशहाली तथा समृद्धि की मनोकामना लेकर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचे हैं। जलाभिषेक के बाद ये श्रद्धालु अपनी यात्रा के अगले चरण के लिए प्रस्थान करेंगे।





