डिंडोरी बना जुआरियों का नया गढ़! केवची के पास खुलेआम चल रहा लाखों का जुए का कारोबार
डिंडोरी | विशेष संवाददाता।मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले में अवैध जुए के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि अमरकंटक-जबलपुर मार्ग पर केवची के आसपास खुलेआम बड़े पैमाने पर जुए के फड़ संचालित किए जा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां प्रतिदिन लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा है और दूर-दराज़ के इलाकों से बड़ी संख्या में जुआरी पहुंच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक कोतमा, पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक और मरवाही सहित कई क्षेत्रों से लोग इस कथित जुए के फड़ में शामिल होने पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह गतिविधियां चल रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों का दावा है कि इस अवैध कारोबार को स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिलने की चर्चाएं भी क्षेत्र में हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। दूसरी ओर, यह भी कहा जा रहा है कि जिला पुलिस अधीक्षक तक इस पूरे मामले की पूरी जानकारी नहीं पहुंची है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध गतिविधि पर सख्ती नहीं की गई तो कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और अपराधों में भी बढ़ोतरी की आशंका बनी रहेगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेंगे, या फिर अवैध जुए का यह कथित कारोबार इसी तरह चलता रहेगा।





