मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एमसीबी की जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने कहा है कि केंद्र सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार ने कठोर कदम उठाए हैं और दोषियों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सख्त कानून, त्वरित कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मेहनत करने वाले युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय न हो।
श्रीमती पावले ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों की समस्याओं का समाधान खोजने के बजाय इस मुद्दे पर भ्रम और अव्यवस्था का माहौल बनाने का प्रयास करते रहे हैं। उनका कहना था कि विपक्ष ने छात्रों की भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की, जबकि केंद्र सरकार ने समयबद्ध और प्रभावी निर्णय लेकर परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में ठोस पहल की है।
उन्होंने बताया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए फास्ट ट्रैक कार्रवाई, दोषियों के लिए कड़ी सजा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जैसे प्रावधान किए जा रहे हैं। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होगी तथा युवाओं का भरोसा बढ़ेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश का युवा आज जागरूक है और वह यह भली-भांति समझता है कि कौन उसके भविष्य की सुरक्षा के लिए काम कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार की पारदर्शी और कठोर नीति से परीक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा योग्य एवं मेहनती छात्रों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा सुनिश्चित होगी।





