रायपुर: छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में शिक्षकों के संलग्नीकरण (अटैचमेंट) को लेकर शासन द्वारा लगाई गई रोक का पालन नहीं किया जा रहा है। विभाग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद प्रदेश के कई जिलों में नियमों की अनदेखी कर शिक्षकों को अटैच किए जाने का मामला सामने आया है।इस मामले में रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी और जांजगीर-चांपा जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को नोटिस जारी किया गया है। शासन के आदेशों की इस खुली अवहेलना को लेकर शिक्षा विभाग ने कड़ी नाराजगी जताई है।
कोरिया, MCB और सूरजपुर में भी अटैचमेंट पर उठ रहे सवाल।
शिक्षा विभाग में चल रहे इस अटैचमेंट के खेल का असर राज्य के अन्य जिलों में भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। रायपुर और अन्य जिलों की तरह ही कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) और सूरजपुर जिलों में भी शिक्षकों के अटैचमेंट को लेकर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इन जिलों में भी विभागीय निर्देशों की अनदेखी करते हुए शिक्षकों को मूल पदस्थापना से हटाकर अन्य कार्यालयों या स्कूलों में संलग्न किया गया है, जो शासन की नीति के विरुद्ध है।शासन द्वारा शिक्षकों के अटैचमेंट पर लगाई गई रोक का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में पठन-पाठन की गुणवत्ता को बनाए रखना है, लेकिन नियमों की इस अनदेखी से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शासन द्वारा जारी नोटिस के बाद अन्य जिलों में अटैचमेंट का यह सिलसिला थमता है या नहीं।




