Dhar Bhojshala Temple Live:शंखों की ध्वनियों से मंगलमय हुई भोजशाला की महाआरती, दूसरी मस्जिदों में हुई नमाज

Share this post:

02:23 PM, 22-May-2026

भोजशाला में महाआरती का आयोजन

 शुक्रवार को भोजशाला में नमाज नहीं अदा की गई।दोपहर में भोजशाला में महाआरती का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों भक्त जुटे। इस मौके पर भोजशाला के लिए संघर्ष करने वाले लोगों और उनके परिजनों का सम्मान भी किया गया। दोपहर में भीड़ भी बढ़ गई।धार की दूसरी मस्जिदों में नमाज हुई। वहीं भोजशाला परिसर की मस्जिद पर पुलिस का पहरा रहा।

01:44 PM, 22-May-2026

भोजशाला: इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और मेटल डिटेक्टर से सर्चिंग


सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद।
– फोटो : अमर उजाला

भोजशाला परिसर के अंदर पुलिस की तैनाती शुरू कर दी गई है। कुछ देर पहले पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा से जुड़े कड़े दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए भोजशाला परिसर में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाकर्मी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और मेटल डिटेक्टर की मदद से भोजशाला के एक-एक पिलर (खंभे) की बारीकी से जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड की टीम भी भोजशाला परिसर में पहुंच चुकी है और कोने-कोने की तलाशी ले रही है।

भोजशाला के बाहरी हिस्से की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए धार एसपी सचिन शर्मा स्वयं मैदान में उतरे हैं। एसपी सचिन शर्मा घोड़े पर सवार होकर अश्वारोही (घुड़सवार) दल के साथ पूरे इलाके में लगातार भ्रमण कर रहे हैं। संवेदनशील मार्गों और भोजशाला के आसपास 200 मीटर के दायरे में पुलिस मार्च जारी है, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।

01:41 PM, 22-May-2026

भोजशाला आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि

भोजशाला आंदोलन 2003 के दौरान धार जिले के तीन लोगों की पुलिस गोलीबारी में मौत हो गई थी। हिंदू समाज उन्हें आंदोलन का बलिदानी मानता है। इन बलिदानियों की स्मृति में हिंदू समाज के लोगों ने उनके स्वजनों का पाद पूजन कर सम्मान किया। इस दौरान समाजजनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आंदोलन में दिए गए योगदान को याद किया।

01:40 PM, 22-May-2026

शोभायात्रा फिलहाल रद्द, महाआरती कार्यक्रम तय समय पर

समिति के संरक्षक अशोक जैन ने बताया कि हिंदू समाज की ओर से शुक्रवार दोपहर एक बजे से तीन बजे तक पूजन और महाआरती का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। उन्होंने कहा कि एक भव्य शोभायात्रा निकालने की भी तैयारी थी, लेकिन कुछ कारणों के चलते उसे फिलहाल रद्द कर दिया गया है। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और श्रद्धालु भोजशाला परिसर के पास स्थित ज्योति मंदिर के बाहर एकत्र होने लगे, वहां पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने सक्रियता दिखाते हुए लोगों को हटाना शुरू कर दिया। प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए श्रद्धालुओं को ज्योति मंदिर से करीब 50 कदम दूर एकत्रित होने की अनुमति दी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शांति का माहौल बना हुआ है, हालांकि एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

01:02 PM, 22-May-2026

भोजशाला में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग प्रवेश कर रहे


मंदिर परिसर में प्रवेश करते हुए हिंदू समाज के लोग।
– फोटो : अमर उजाला

धार भोजशाला मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग प्रवेश कर रहे हैं। तस्वीर में आप देख सकते हैं क्षेत्र के अलग-अलग जगहों से लोग मां वाग्देवी के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच प्रवेश जारी है। पुलिस-प्रशासन की इस पूरे मामले में पैनी नजर है।

12:50 PM, 22-May-2026

भोजशाला मंदिर: संत मुरारी बापू का हुआ सम्मान


सम्मान के दौरान की तस्वीर में मौके पर मौजूद भीड़।
– फोटो : अमर उजाला

भोजशाला की मुक्ति और उसके पुनर्स्थापन को लेकर हिंदू समाज वर्षों से संघर्ष कर रहा है। आंदोलन के दौरान शहीद हुए युवाओं के परिजनों का आज सम्मान किया जा रहा है। इस अवसर पर विशेष रूप से संत मुरारी बापू का आभार व्यक्त करके सम्मान किया गया। बता दें, संत छोटे मुरारी बापू वर्ष 2003 व 2006 में लाठी चार्ज के दौरान शामिल रहे थे। संघर्ष के दौरान घायल भी हुए थे।

साथ ही, रासुका की कार्रवाई झेल चुके लोगों और उनके परिवारजनों को भी सम्मानित किया गया। इससे पहले हिंदू समाज की ओर से आयोजित एकत्रीकरण कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया था। अब हिंदू समाज के लोग मंडी रोड स्थित अखंड ज्योति मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

11:49 AM, 22-May-2026

MP: भोजशाला के लिए संघर्ष करने वाले विमल गोधा भी पहुंचे मां वाग्देवी के दरबार पर


92 वर्षीय विमल गोधा मां वाग्देवी के दर्शन के लिए आए।
– फोटो : अमर उजाला

भोजशाला के लिए संघर्ष करने वाले 92 वर्षीय विमल गोधा भी मां वाग्देवी के दर्शन के लिए आए हैं। भोजशाला परिसर को को वंदनवार से सजाया गया है। लोग शंख बजा कर उत्सव मना रहे हैं। 12 बजे के बाद दर्शन करने वालों की और भीड़ बढ़ने की संभावना है।

 

11:24 AM, 22-May-2026

Dhar: ‘आज सुबह अपना सारा काम छोड़कर भोजशाला आए हैं’

धार जिले की स्थानीय निवासी विद्या सोनी ने कहा, “हम आज सुबह अपना सारा काम छोड़कर भोजशाला आए हैं। हम बहुत खुश हैं। पहली बार ऐसा हुआ है कि हम शुक्रवार के दिन यहां आ सके हैं। यह सत्य की जीत है। सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं हो सकता।”

 

11:17 AM, 22-May-2026

भोजशाला में पूजन की तैयारी शुरू 


भोजशाला मंदिर में पूजन की तैयारी जारी।
– फोटो : अमर उजाला

धार की ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर हाईकोर्ट के फैसले के बाद आज (22 मई) का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है। कड़े सुरक्षा पहरे के बीच आज सुबह भोजशाला में हिंदू समाज द्वारा पूजन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह करीब 721 वर्षों के बाद पहला मौका है जब शुक्रवार के दिन भोजशाला में हिंदू समाज विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहा है। इसे लेकर श्रद्धालुओं और हिंदू समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

11:10 AM, 22-May-2026

भोजशाला मंदिर: मां वाग्देवी को चढ़ाई चुनरी, दोपहर में होगी महाआरती

सुबह तय समय पर हिंदू समाज के लोग भोजशाला परिसर पहुंचे और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना शुरू की। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले माँ वाग्देवी को चुनरी ओढ़ाकर पुष्प अर्पित किए और गर्भगृह को भव्य रूप से सजाया। दोपहर में यहां विशाल महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

Advertisement Box

लाइव क्रिकट स्कोर

Gold and Silver price

मौसम अपडेट

राशिफल

© 2026 Chhattisgarh Dabang News  – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x