गर्भवती महिलाओं को नहीं मिल रहीं हरी सब्जियां, घटिया गुणवत्ता का चावल-दाल परोसे जाने के आरोप, अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।
छत्तीसगढ़ दबंग न्यूज मनेन्द्रगढ़। शहर के 200 बिस्तर वाले शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के लिए निर्धारित पोषण आहार व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अस्पताल में वर्षों से संचालित भोजन व्यवस्था मेन्यू के अनुरूप नहीं दी जा रही है। आरोप है कि मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को निर्धारित आहार नहीं मिल रहा और उन्हें हरी सब्जियों सहित पौष्टिक भोजन से वंचित रखा जा रहा है।
सूत्रों का दावा है कि भोजन में निम्न गुणवत्ता का चावल और दाल परोसी जा रही है, जबकि शासन द्वारा मरीजों के लिए तय मेन्यू में पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके बावजूद अस्पताल में भोजन की गुणवत्ता और मात्रा दोनों पर सवाल उठ रहे हैं।बताया जा रहा है कि अस्पताल में भोजन व्यवस्था का संचालन वर्षों से एक ही संचालक द्वारा किया जा रहा है, लेकिन मेन्यू के पालन और गुणवत्ता की नियमित निगरानी नहीं होने से मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। इस पूरे मामले में भोजन मद में बंदरबांट की आशंका भी जताई जा रही है।
शहर के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र की ऐसी स्थिति न केवल मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं पर भी सवाल खड़े करती है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितता का मामला हो सकता है।
नोट: यह खबर स्थानीय सूत्रों और प्राप्त शिकायतों पर आधारित है। आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। संबंधित अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




