कलेक्टर रॉक्तिमा यादव से की सौजन्य मुलाकात, विकास कार्यों की प्रगति पर भी हुई सार्थक चर्चा
कोरिया/सोनहत। सेवा केवल शब्द नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव है। इसी भावना को साकार करते हुए जनपद पंचायत सोनहत के ग्राम पंचायत सचिवों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत सराहनीय पहल की। सोनहत ब्लॉक के सभी सचिवों ने स्वेच्छा से सहयोग कर आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले नन्हे बच्चों के लिए खिलौने दान किए।सचिवों ने जिला कलेक्टर श्रीमती रॉक्तिमा यादव से सौजन्य मुलाकात कर बच्चों के लिए एकत्र किए गए खिलौने भेंट किए। सचिव संघ के पदाधिकारी प्रवीण कुमार पांडे ने बताया कि सोनहत ब्लॉक के सचिवों ने किसी दबाव के बिना स्वेच्छा से इस सेवा कार्य में अपना योगदान दिया। उनका उद्देश्य आंगनबाड़ी के बच्चों को खेल-खेल में सीखने के साथ खुशी का अवसर उपलब्ध कराना है।
सेवा के साथ विकास कार्यों पर भी मंथन कलेक्टर से मुलाकात के दौरान केवल सेवा गतिविधियों तक चर्चा सीमित नहीं रही, बल्कि ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति को लेकर भी जानकारी ली गई। पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति देने तथा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।सचिवों की इस पहल पर कलेक्टर रॉक्तिमा यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने के लिए शुभकामनाएं दीं।
एकजुटता के साथ सेवा का संदेश
सचिव संगठन ने इस पहल के माध्यम से यह संदेश भी दिया कि प्रशासनिक दायित्वों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों में सहभागिता भी जरूरी है। स्वेच्छा से किए गए इस योगदान ने सोनहत के पंचायत सचिवों की एकजुटता और सेवा भावना को सामने रखा।सौजन्य मुलाकात के दौरान सोनहत सचिव संगठन के अध्यक्ष रामलाल राजवाड़े, पूर्व अध्यक्ष अजय पांडे, प्रवीण कुमार पांडे एवं लक्ष्मी नारायण कुर्रे सहित सचिवगण उपस्थित रहे।





