वनरक्षक का मामला उजागर हुआ तो पत्रकार को डराने की कोशिश? फॉरेस्टर के साथ पुलिसकर्मी का ‘समझौता ऑफर’, अब अपने पीछे पड़े लोगों की पतासाजी में जुटे जिम्मेदार!

Share this post:

बिहारपुर से सूरजपुर तक पहुंची खबर के बाद बढ़ी हलचल, क्या विभागीय कार्रवाई से ज्यादा अब खबर उजागर करने वाले पत्रकार पर दबाव बनाने की कोशिश हो रही है? CCF के आदेश के बाद पूरे मामले में नए सवाल।

एमसीबी/बिहारपुर। वन विभाग में वर्षों से एक ही बीट में पदस्थ वनरक्षक शाहबाज कामिल का मामला अब एक नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। बिहारपुर से सूरजपुर तक पहुंचे इस मामले में CCF कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद जहां संबंधित वनरक्षक की अस्थायी ड्यूटी सूरजपुर वनमंडल के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर परिसर में लगाए जाने का आदेश जारी हुआ, वहीं अब इस मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को डराने और दबाव में लेने की कोशिशों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

खबर प्रकाशित हुई तो शुरू हुई दूसरी कहानी!

छत्तीसगढ़ दबंग न्यूज़ में वनरक्षक शाहबाज कामिल की वर्षों पुरानी पदस्थापना, सूरजपुर में अस्थायी ड्यूटी, मेडिकल अवकाश की चर्चा, सरकारी जमीन पर दुकान और मशीनरी से जुड़े सवालों को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर के बाद अब पत्रकार तक समझौते का प्रस्ताव पहुंचने की बात सामने आई है।पत्रकार का कहना है कि फॉरेस्टर के साथ एक पुलिसकर्मी के माध्यम से समझौते का प्रस्ताव रखने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, अब पत्रकार के पीछे कौन लोग हैं, कौन जानकारी दे रहा है और कौन इस पूरे मामले को आगे बढ़ा रहा है, इसकी पतासाजी किए जाने की कोशिशों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

क्या खबर रोकने के लिए बनाया जा रहा दबाव?

यदि किसी पत्रकार द्वारा विभागीय कार्यप्रणाली, सरकारी जमीन, सरकारी धन और प्रशासनिक आदेशों पर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो उसका जवाब दस्तावेजों और आधिकारिक तथ्यों से दिया जाना चाहिए। समझौते के प्रस्ताव या पत्रकार के संपर्कों की जानकारी जुटाने की कोशिश से पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।आखिर संबंधित मामले में विभागीय जवाब देने के बजाय पत्रकार तक समझौते का प्रस्ताव पहुंचाने की जरूरत क्यों पड़ी? पुलिसकर्मी की इस पूरे घटनाक्रम में क्या भूमिका रही? क्या यह व्यक्तिगत पहल थी या किसी के कहने पर संपर्क किया गया?

इन सवालों का जवाब संबंधित पक्षों से मिलना जरूरी है।

CCF के आदेश के बाद भी जांच अधूरी क्यों?

3 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार वनरक्षक शाहबाज कामिल को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से सूरजपुर वनमंडल में ड्यूटी पर लगाया गया है। लेकिन पदस्थापना बदलने से पुराने सवाल समाप्त नहीं हो जाते।अमृतधारा दक्षिण बीट में उनके कार्यकाल के दौरान हुए निर्माण कार्यों, मस्टररोल, नर्सरी के बिल-वाउचर, ई-कुबेर भुगतान, मजदूरी और सरकारी भूमि पर दुकान व मशीनरी के उपयोग की निष्पक्ष जांच अब भी जरूरी है।

पुलिस प्रशासन और वन विभाग से सीधे सवाल

– पत्रकार तक समझौते का प्रस्ताव किसके निर्देश पर पहुंचा?
– संबंधित पुलिसकर्मी की इस मामले में क्या भूमिका थी?
– क्या पत्रकार के पीछे कौन लोग हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है?
– क्या वन विभाग इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को देगा?
– क्या CCF कार्यालय वनरक्षक के पुराने कार्यकाल की स्वतंत्र जांच कराएगा?
– क्या पत्रकार को डराने या दबाव बनाने की कोशिशों की भी जांच होगी?

छत्तीसगढ़ दबंग न्यूज़ का स्पष्ट सवाल

पत्रकार का काम सवाल पूछना और जनता के सामने तथ्यों को रखना है। यदि खबर में कोई तथ्य गलत है तो विभाग दस्तावेजों के साथ उसका खंडन करे। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को आपत्ति है तो कानूनी रास्ता अपनाए। लेकिन खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार पर दबाव बनाने या उसके संपर्कों की पतासाजी करने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था में गंभीर चिंता का विषय है।

अब देखना होगा कि सरगुजा वनवृत्त के CCF, सूरजपुर वनमंडल के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाते हैं।

सवाल अब सिर्फ वनरक्षक की पदस्थापना का नहीं, बल्कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और विभागीय जवाबदेही का भी है।

छत्तीसगढ़ दबंग न्यूज़ इस मामले में संबंधित वनकर्मी, वन विभाग और पुलिस प्रशासन का पक्ष भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

Advertisement Box

लाइव क्रिकट स्कोर

Gold and Silver price

मौसम अपडेट

राशिफल

© 2026 Chhattisgarh Dabang News  – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x