कोतवाली पुलिस की लगातार दबिश, 3 किलो कॉपर वायर बरामद; फरार आरोपियों पर शिकंजा
मनेंद्रगढ़। शहर की रेलवे कॉलोनी में गैराज से कॉपर वायर चोरी के मामले में मनेंद्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 3 किलो तांबा वायर बरामद किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
रेलवे कॉलोनी निवासी गुरु दत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। प्रकरण में पुलिस पहले ही राकेश यादव (22) और अंशु देवांगन को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलो कॉपर वायर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत लगभग 50 हजार रुपये का माल बरामद कर जब्त किया गया था। मामले में कुछ आरोपी फरार चल रहे थे।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों की लगातार तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपक सिंह (23), निवासी शारदा मंदिर के पास, वार्ड नंबर 14 को पकड़ लिया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर 3 किलो तांबा वायर बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
फरार आरोपियों पर लगातार नजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरी के मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी है। कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, हेड कांस्टेबल राकेश शर्मा, कांस्टेबल प्रदीप एक्का, आरक्षक प्रमोद यादव (साइबर सेल) और होमगार्ड विनीत सोनी की भूमिका रही।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि चोरी की घटना होने पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराएं और किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नजर आने पर पुलिस को सूचना दें।





