एमसीबी (ब्यूरो)। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक खुशखबरी सामने आई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को 50 एमबीबीएस (MBBS) सीटों की हरी झंडी दे दी है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद क्षेत्र में जश्न का माहौल है, तो वहीं राजनीति की बिसात पर भी इसके श्रेय को लेकर शह-मात का खेल शुरू हो गया है। कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने इस कामयाबी को अपनी पीठ थपथपाने और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की दूरदर्शिता साबित करने का एक भी मौका नहीं छोड़ा।
“यह बघेल सरकार का तोहफा है!”
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने पूरी ताकत से मोर्चा संभालते हुए इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की और इसे पूरे जिले का गौरव बताया। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने बड़ा सियासी पासा फेंकते हुए याद दिलाया कि यह मेडिकल कॉलेज किसी और की बदौलत नहीं, बल्कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के पुरजोर प्रयासों और तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल की देन है। कमरों ने साफ लफ्जों में कहा कि आज जो सपना साकार हो रहा है, उसकी नींव कांग्रेस शासनकाल में ही रखी गई थी।
युवाओं के सपनों को मिले पंख, सुधरेगी सेहत
गुलाब कमरों ने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से अब एमसीबी जिले के युवाओं को डॉक्टर बनने के लिए बड़े शहरों की खाक नहीं छाननी पड़ेगी। उन्हें अपने ही घर-आंगन में बेहतरीन और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिलेगी। यही नहीं, स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं की खस्ताहाली दूर होगी और यह नई ऊंचाइयों को छुएगी। उन्होंने पूरे क्षेत्रवासियों को इस ऐतिहासिक पल की बधाई दी।
सियासी शिष्टाचार या सोची-समझी रणनीति?
खबर में ट्विस्ट तब आया जब पूर्व विधायक ने श्रेय की इस लड़ाई में सबको लपेटते हुए धन्यवाद कार्ड भी खेल दिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देने के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और छत्तीसगढ़ के वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया। वहीं, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए उन्होंने यह जताने की कोशिश की कि दिल्ली से लेकर रायपुर तक कांग्रेस ने ही इस कॉलेज के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया था।
अब देखना यह होगा कि बीजेपी इस ‘क्रेडिट वॉर’ का क्या जवाब देती है, लेकिन फिलहाल तो गुलाब कमरों ने इस बड़ी सौगात का पूरा सेहरा डॉ. चरणदास महंत और भूपेश बघेल के सिर बांधकर सियासी पारे को गरमा दिया है।





