जल संकट ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
मनेन्द्रगढ़। शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती अब आमजन के लिये बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। घंटों बिजली बंद रहने से जहां लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है वहीं पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के पार्षद और जल शाखा प्रभारी दयाशंकर यादव ने इस गंभीर समस्या को लेकर विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता के नाम पत्र सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने बताया कि शहर में प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक हो रही बिजली कटौती के कारण चैनपुर स्थित नवीन इंटकवेल, हसदेव इंटकवेल और जलगृह की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है जिससे सभी वार्डों में नियमित जलापूर्ति बाधित हो रही है। पार्षदों का कहना है कि चैनपुर स्थित नवीन इंटकवेल को केल्हारी फीडर से बिजली सप्लाई दी जाती है जहां बार-बार कटौती होने से पानी की सप्लाई व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। इसका असर सीधे शहर के हजारों लोगों पर पड़ रहा है। कई वार्डों में लोगों को दिनभर पानी नहीं मिल पा रहा जिससे नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो लोगों का आक्रोश और बढ़ सकता है। पार्षदों ने मांग की है कि चैनपुर नवीन इंटकवेल को केल्हारी फीडर से हटाकर मनेन्द्रगढ़ शहरी फीडर से जोड़ा जाये ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ नियमित जल वितरण सुनिश्चित हो सके।
इस मांग को लेकर पार्षद दयाशंकर यादव के साथ सरजू यादव, विनीत जायसवाल, रामधुन जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, सुशील सिंह, सपन महतो, अजीमुद्दीन अंसारी (गुड्डा भैया) और बृजेश जायसवाल ने भी विद्युत विभाग से शीघ्र कार्यवाही की मांग की है।
नगरवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली और पानी दोनों की समस्या ने लोगों की परेशानियां कई गुना बढ़ा दी हैं। अब लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और विद्युत विभाग जल्द कोई ठोस समाधान निकालेंगे।




