*पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने उठाए सवाल*
बैकुंठपुर (कोरिया)।
आदिवासी छात्रा पूजा पैकरा की आत्महत्या के मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में सर्व आदिवासी समाज, जिला कोरिया ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कोरिया को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, IC Mart से जुड़े कथित अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिलाया जाए।
इस दौरान पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि कोरिया जिले में एक माह के भीतर लगातार तीन गंभीर घटनाएं हुई हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा पैकरा को लगातार प्रताड़ित किए जाने तथा उसके साथ मारपीट किए जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। उन्होंने कहा कि घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गुलाब कमरो ने यह भी सवाल उठाया कि क्या आरोपियों की गिरफ्तारी इसलिए नहीं की जा रही है क्योंकि वे भाजपा समर्थित हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय से मुख्यमंत्री होने के बावजूद यदि एक आदिवासी बेटी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हो रही है, तो यह अत्यंत चिंताजनक है।
वहीं, सर्व आदिवासी समाज, जिला कोरिया के अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई और न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह, मनियार सिंह जिलाध्यक्ष कंवर समाज, अमोल सिंह जिलाध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस MCB , जनपद अध्यक्ष बैकुंठपुर उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, पूर्व नपा अध्यक्ष अशोक जायसवाल, जनपद सदस्य प्रकाश चंद्र पैकरा, डॉ आर एस चंदे, अमर सिंह, जितेंद्र पैकरा, अविनाश पाठक सुरेश इक्का सहित आदिवासी समाज के पदाधिकारी एवं सदस्यगण एवं समर्थन में अन्य समाज के सदस्य गण शामिल रहे।




