चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी ने खेल जगत में एक नई पहचान बनाते हुए पहली बार संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता-2026 का सफल आयोजन किया। हल्दीबाड़ी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे 94 खिलाड़ियों ने सात राउंड तक चली रोमांचक प्रतिस्पर्धा में अपनी रणनीति, धैर्य और बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
चिरमिरी शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में शतरंज संस्कृति को बढ़ावा देना और उभरती प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना था। महिला, पुरुष और विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
सात राउंड के बाद तय हुए विजेता
कड़े मुकाबलों के बाद मोहम्मद हसनैन अली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। श्रेयांश मिश्रा उपविजेता रहे, जबकि श्रीमती श्रेया शिल्पी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। राजेश कुमार मिश्रा चौथे और अरुण सिंह पांचवें स्थान पर रहे। विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार हुआ आयोजन
आयोजन समिति ने बताया कि चिरमिरी में पहली बार प्रतियोगिता का संचालन अंतरराष्ट्रीय मानकों एवं प्रचलित शतरंज नियमों के अनुरूप किया गया। विशेषज्ञ आर्बिटरों की निर्णायक मंडली तथा छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता को खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों का भरपूर सहयोग मिला। आयोजकों का मानना है कि इस सफल आयोजन से भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
युवाओं में बढ़ेगी बौद्धिक खेलों की रुचि
चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी तथा सचिव बी. मनियन ने बताया कि ऐसे आयोजन युवाओं में बौद्धिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में संघ के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा विभिन्न संस्थाओं और प्रायोजकों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
प्रतियोगिता का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में प्रो. भागवत प्रसाद दुबे मुख्य अतिथि तथा क्षेत्रीय अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. बिराजी अध्यक्ष रहे। इस अवसर पर थाना प्रभारी विजय सिंह, डॉ. सुमित, डी.के. उपाध्याय, प्राचार्य चंदन दत्ता, इंटक अध्यक्ष अब्दुल सलीम, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती गायत्री बिरहा एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवांश जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन समारोह में महापौर रामनरेश राय मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी, छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के सह सचिव सरोज कुमार वैष्णव, डी.के. उपाध्याय, डॉ. सुमित, सुभाष कश्यप, सुजीत जायसवाल, वैभव तिवारी, पी.के. मंडल, राजकुमार केशरवानी, हाफिज मेमन, केवल सिंह, जगदीश सेठी, गणेश ठाकुर एवं पार्षद मनीष खटिक सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
पुरस्कार वितरण में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
देर शाम आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि महापौर रामनरेश राय, डी.के. उपाध्याय और छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के सह सचिव सरोज कुमार वैष्णव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिरमिरी ने इस सफल आयोजन के माध्यम से पूरे संभाग में एक नई खेल परंपरा की शुरुआत की है। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में चिरमिरी राष्ट्रीय स्तर के शतरंज खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करेगा।




